बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने बृहस्पतिवार को फरीदपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान काम में लापरवाही मिलने पर दो उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया।
बेहतर काम करने पर दो दरोगा समेत आठ पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत भी किया। गांव के चौकीदार को भी पांच सौ रुपये का नकद पुरस्कार दिया। थाने में सफाई व्यवस्था से एसएसपी संतुष्ट दिखे।
एसएसपी ने वार्षिक निरीक्षण के दौरान कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, मेस, कंप्यूटर कक्ष, थाना परिसर, कर्मचारी बैरक समेत अन्य स्थानों का भ्रमण कर जायजा लिया।
थाना परिसर में खड़े वाहनों को व्यवस्थित करने और नियमानुसार नीलामी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शस्त्रों के रखरखाव को देखा। थाने आए छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में बताया।
उन्होंने बेहतर कार्यशैली को देखते हुए दरोगा सतेंद्र चौहान, अब्दुल कामिल, सिपाही मेघश्याम, मुकुल मलिक, महिला सिपाही रोबिन रानी, मोनिका मलिक, बबीता रानी और सुरभि शर्मा को पुरस्कृत किया। दरोगा सुरेश कुमार पटेल को मारपीट से संबंधित मामले में लापरवाही और और दरोगा प्रवेंद्र पंवार को शिकायती पत्र की जांच में गलत रिपोर्ट लगाकर अधिकारियों को भ्रमित करने के आरोप में निलंबित कर दिया। संवाद