दोनों कारखानों के मालिक फरार, तीन मजदूरों का शांति भंग करने के आरोप में चालान
बच्चे भी काम करते मिले, श्रम, प्रदूषण नियंत्रण और उद्योग विभाग को जांच के निर्देश
बरेली/भोजीपुरा। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार रात छापा मारकर एसडीएम सदर विशु राजा ने यहां चल रहे प्लास्टिक के गिलास बनाने के दो अवैध कारखानों की सील कर दिया। दोनों कारखानों से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक और तैयार माल बरामद हुआ। छापे के दौरान दोनों कारखानों के मालिक भाग निकले। एसडीएम ने श्रम, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी और जिला उद्योग केंद्र के जीएम को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक के गिलास बनाने के दोनों अवैध कारखाने काफी समय से चल रहे थे। इस बारे में सूचना मिलने पर शनिवार रात करीब नौ बजे एसडीएम विशु राजा ने पुलिस के साथ कारखानों पर छापा मारा। दोनों कारखानों में कुछ कारीगर और उनके बच्चे काम करते मिले। एसडीएम और पुलिस को देख इन लोगों में हड़कंप मच गया। दोनों कारखानों के मालिक तो खिसक गए, एसडीएम ने वहां काम करने वालों से पूछताछ कर कारखानों को ताले डलवाकर सील करा दिया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने एक कारखाने से रमियापुर गांव निवासी श्रमिक तेजपाल, पीपलसाना निवासी राहुल और दूसरे कारखाने से दोहना पीतमराय निवासी आसिफ को गिरफ्तार कर शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया है।
एसडीएम ने बताया कि एक कारखाना रिजवान और दूसरा अरविंद अग्रवाल का बताया गया है। दोनों लोग कारखाने से भाग निकले। कारखानों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक का मैटेरियल और तैयार माल बरामद हुआ है। इस मामले में श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण और उद्योग विभाग को पत्र लिखकर जांच करने के आदेश दिए गए हैं।
भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक के गिलास बनाने के दो अवैध कारखानों पर छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार करने के साथ भारी मात्रा में तैयार माल और बारदाना बरामद किया है। कारखाने रिजवान और अरविंद अग्रवाल के बताए गए हैं। श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण और उद्योग विभाग को पत्र लिखकर जांच करने के आदेश दिए हैं। -विशु राजा, एसडीएम सदर