बरेली। जमीन के विवाद में युवक की हत्या करने के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय) प्रथम रवि कुमार दिवाकर ने दो अभियुक्तों को दोषी करार दिया है। एक ने युवक के सीने पर दो गोलियां मारी थीं, दूसरे ने फरसे से गला काट दिया था। उनकी सजा पर फैसला 24 दिसंबर को होगा।
घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भोजपुर में 20 नवंबर 2014 को हुई थी। रघुवीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई चरन सिंह मीरगंज थाना क्षेत्र में मामा भूप सिंह के यहां करीब आठ वर्ष से रह रहा था। मामा की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने सारी संपत्ति उनकी मां सोमवती के नाम पर कर दी थी। उसका भाई चार दिन पूर्व ही घर आया था। जमीन नाम होने से थाना मीरगंज के गांव हल्दी निवासी उसके बड़े मामा का लड़का हरपाल रंजिश मानता था। चरन घर से मामा की समाधि पर मत्था टेकने गया था। काफी देर तक नहीं लौटा तो रघुवीर व धर्मपाल उसे खोजने गए। शाम साढ़े छह बजे देखा तो हरपाल, तेजपाल व उसके अन्य साथी चरन की हत्या कर भाग रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना में प्रयुक्त तमंचा और फरसा बरामद कर लिया। 30 अप्रैल 2016 को आरोपपत्र दाखिल किया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से 13 गवाह और 24 साक्ष्य पेश किए गए। अपर सत्र न्यायाधीश ने दोनों पक्षों को सुनने व साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद तेजपाल और हरपाल को दोषी करार दिया है। संवाद न्यूज एजेंसी
-
खुद को सीएमओ बताकर ठगी करने वाले को हाईकोर्ट से मिली जमानत
बरेली। खुद को सीएमओ बताकर कोतवाली क्षेत्र में युवक से ठगी करने वालों को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मुंशीनगर पटेल एन्क्लेव निवासी राजेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि 16 नवंबर 2023 को बेटे अभिषेक की तबीयत खराब होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। 20 नवंबर को चिकित्सक की ओर से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। तसल्ली के लिए डॉ. सोमपाल को दिखाया तो उन्होंने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। 25 नवंबर 2023 को डॉ. सोमपाल घर आए और कहा कि बेटे को जहर देकर मारने के आरोप में तुम्हारे खिलाफ किसी पड़ोसी ने एफआईआर करा दी है। अभी मामला हाथ में है, सीएमओ क्लीनिक पर आ रहे हैं। सीएमओ बनकर आए सुरजीत ने मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 2.20 लाख रुपये ठग लिए। बाद में ब्लैकमेल कर और रुपये मांगने लगा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की और आरोप पत्र दाखिल किया। इसके बाद सुरजीत को जेल भेज दिया गया था। अपर सत्र न्यायाधीश ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। अब इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश कृष्णा पहल की पीठ ने आरोपी को जमानत दे दी है। संवाद