बरेली। कंजादासपुर में चार करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई सड़क पर सुरक्षित सफर आसान नहीं। दो विभागों की खींचतान में बिजली के खंभे नहीं हट सके। सड़क के बीचोंबीच खड़े ये खंभे हादसे हादसों की वजह बन रहे हैं।
नगर निगम ने सड़क बनाते समय खंभों को हटाने की प्रक्रिया पर गौर नहीं किया। अब मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता खंभों को शिफ्ट करवाने के लिए 55 हजार रुपये के बजट की बात कह रहे हैं।
मार्च 2024 में वार्ड 19 स्थित कंजादासपुर में नगर निगम की ओर से सीसी और हॉटमिक्स सड़क का निर्माण शुरू कराया गया था। निर्माण होने तक यह तय नहीं हो सका कि खंभे कौन हटाएगा। अलबत्ता पत्राचार किया गया। स्थानीय पार्षद ने नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राठी से मिलकर खंभे हटवाने की मांग की।
अधिशासी अभियंता ने उन्हें बताया कि हादसों की वजह बन रहे खंभों को हटाने की जिम्मेदारी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की है। खंभे अवैध तरीके से लगाए गए हैं, जिसने लगाए हैं, वही हटवाएंगे।
जबकि, विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता हरीश कुमार ने कहा कि तीन खंभे शिफ्ट करने के लिए 55 हजार रुपये का एस्टीमेट नगर निगम भेजा जा चुका है। जब तक एस्टीमेट के हिसाब से बजट नहीं मिलता, तब तक खंभे शिफ्ट नहीं हो पाएंगे। ब्यूरो