बरेली। संचारी रोग नियंत्रण मुहिम के दावों के बीच मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पूर्व में अवकाश के चलते बृहस्पतिवार को पोर्टल पर आंकड़े अपडेट हुए तो मरीजों की तादाद 1,231 जा पहुंची। बृहस्पतिवार को दो बच्चों में मलेरिया की पुष्टि के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया।
फरीदपुर के उदरनपुर निवासी रामा देवी की आठ वर्षीय बेटी जेसिका को चार दिन से बुखार आने के साथ ही ठंड लग रही थी। यही स्थिति ठिरिया निवासी पूनम के बेटे तुलाराम की थी। बगैर डॉक्टरों के परामर्श के वे स्थानीय मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खिला रहे थे।
हालत गंभीर होने पर जांच कराने अस्पताल पहुंचे। रिपोर्ट में मलेरिया पाॅजिटिव मिलने पर तत्काल वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। एडी एसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि 10 बेड के वार्ड में छह मरीज भर्ती हैं। अगर मरीज बढ़े और बेड कम पड़े तो क्राइसिस वार्ड में मरीज शिफ्ट किए जाएंगे।
वहीं, बृहस्पतिवार दोपहर स्टाफ नर्स ने भर्ती बच्चों के परिजनों को वार्ड में भीड़ लगाने से मना किया तो परिजनों से तीखी नोकझोंक हुई। स्टाफ ने बताया कि बार-बार आवाजाही से वार्ड में मच्छर घुसने की आशंका है। स्वस्थ परिजन बीमार न हो इसलिए रोका गया पर कोई समझ नहीं रहा।
उर्स के बाद अस्पताल में लगी मरीजों की कतार
तीन दिन उर्स के चलते शहर में भीड़भाड़ रही। इस वजह से जिला अस्पताल में मरीज भी कम आए। बृहस्पतिवार को स्थिति सामान्य होने पर ओपीडी में मरीजों की कतार लगी। 15 सौ नए पर्चे बने और करीब छह सौ मरीज पुराना पर्चा लेकर इलाज के लिए पहुंचे थे। पर्चा, दवा, पैथोलॉजी हर कहीं मरीजों की कतार रही। ब्यूरो