रिठौरा। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में लड़की ले जाने की रंजिश में दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। दोनों की हालत नाजुक है। निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
रिठौरा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव में शनिवार शाम सुखवीर व उनके भाई रवींद्र ट्रैक्टर-ट्राली से पशुओं के लिए चारा ला रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे रामेश्वर और उसके साथियों ने फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दोनों को लहूलुहान कर दिया। जब तक घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी हुई और वह मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची रिठौरा चौकी पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
ग्रामीणों ने रिठौरा चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता को बताया कि हमलावर रामेश्वर की बेटी सालभर पहले रवींद्र के तहेरे भाई के साथ चली गई थी। दोनों ने शादी कर ली और किसी दूसरे शहर में रहने लगे हैं। तभी से दोनों परिवारों की रंजिश चल रही है। इसी में मौका देखकर हमला किया गया। हाफिजगंज थानाध्यक्ष प्रवीण सोलंकी ने बताया कि रंजिश में ही हमला हुआ है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद