अलीगंज। सिरौली-अलीगंज मार्ग पर कस्बे के नजदीक स्थित उमंग फ्यूल स्टेशन के पास शनिवार सुबह लगभग पौने 11 बजे सिरौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बुलेट बाइक की पीछे से दूसरी बाइक में टक्कर हो गई। इस हादसे में बुलेट बाइक सवार और बाइक चालक तीनों लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुलेट बाइक चालक 20 वर्षीय गुलफान की मौत हो गई। लोगों के अनुसार, हादसे के दौरान किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
मृतक व घायलों के परिजनों के मुताबिक, खैलम देहजागीर निवासी गुलफान और उसका साथी नूर हसन अंसारी (18) ईद की नमाज अदा करने के बाद लोगों से ईद मिलने बुलेट बाइक से अलीगंज जा रहे थे। इसी दौरान खैलम निवासी भूपेंद्र भी अलीगंज के रास्ते होते हुए वजीरगंज मक्का का बीज लेने जा रहे थे। भूपेन्द्र जैसे ही उमंग पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। तभी हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले घायलों को मझगवां सीएचसी पहुंचाया। वहां से डॉक्टर ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
छह भाइयों में पांचवें नंबर का था
गुलफान छह भाइयों में पांचवें नंबर का था। वह अलीगंज में फर्नीचर की दुकान पर मजदूरी करता था। उसके पिता अबरार दिल्ली में मिर्च-मसाले बेचने का काम करके घर का पालन पोषण करते हैं। परिजनों को अफसोस है कि शायद गुलफान हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल
हाफिजगंज। तेज गति से जा रहे ई-रिक्शा की बाइक सवार युवक से टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। सूचना पर परिजनों ने घायल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। कस्बा हाफिजगंज निवासी ताजिम अली शुक्रवार की शाम को बाइक से रिठौरा जा रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे निर्माण के कारण यहां पर रोड संकरी होने और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। संवाद