भमोरा। थाना क्षेत्र के आंवला रोड से पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह 53 किलो डोडा छिलका के साथ तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:20 बजे बंद पड़े स्कूल के पास से बदायूं के दातागंज के ग्राम खानपुर बैरागी निवासी आरोपी सुखपाल और रामसेवक को पकड़ा गया, जिनके पास से दो फोन भी मिले। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे डोडा छिलका खरीदकर ट्रक के माध्यम से दिल्ली और उत्तराखंड ले जाते थे। वहां महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद