अर्चना एक्सप्रेस में हंगामा, नशे में धुत अटेंडेंट का शांतिभंग के आरोप में चालान
बरेली। अर्चना एक्सप्रेस में टीटीई को नशे में धुत कोच अटेेंडेंट को टोकना भारी पड़ गया। शराब पीकर ड्यूटी पर आने पर आपत्ति जताते ही कोच अटेंडेंट ने टीटीई के साथ मारपीट कर दी। रेलवे कंट्रोल की सूचना पर जंक्शन पर जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में शांति भंग करने के आरोप में उसका चालान कर दिया।
रेलवे ने कोच अटेंडेंट के रूप में प्राइवेट कर्मियों को तैनात किया है, लेकिन इनकी मनमानी से रेलवे स्टाफ परेशान है। सोमवार सुबह जम्मूतवी से पटना जा रही अर्चना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी वन कोच में मुरादाबाद से टीटीई की ड्यूटी बदली। इसी बीच यात्रियों ने कोच अटेंडेंट दिनेश गौतम के शराब पिए होने की शिकायत की। टीटीई ने दिनेश गौतम को ड्यूटी पर शराब पीने के लिए फटकारा तो वह अभद्रता करते हुए झगड़े पर आमादा हो गया। टीटीई ने आरपीएफ को बुलाने के लिए फोन निकाला तो दिनेश ने टीटीई से मारपीट शुरू कर दी। स्टाफ ने किसी तरह बीच बचाव कराया। टीटीई ने रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को फोन पर घटना के बारे में बताया। मुरादाबाद से सुबह साढ़े सात बजे स्टेशन मास्टर ऑफिस मेसेज पहुंचा। ट्रेन करीब आठ बजे जंक्शन पहुंची तो जीआरपी ने दिनेश को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी इंस्पेक्टर किशन अवतार ने बताया कि टीटीई के तहरीर न देने पर दिनेश का शांति भंग में चालान किया गया। कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया।