बहेड़ी(बरेली)। अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को मुड़िया मुकर्रमपुर चुंगी के पास एक ट्रक को फर्जी अंतरराज्यीय पारगमन पास के साथ पकड़ा गया। खनन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने चालक, वाहन स्वामी और अन्य संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खनन अधिकारी ने बताया कि एसडीएम गोपाल शर्मा के आदेश पर टोल प्लाजा के पास लेखपाल शुभम राजपूत और दिवाकर गंगवार तैनात थे। इस दौरान टीम ने वाहन संख्या यूपी 25 ईटी 5358 को रोका। चालक ने अंतरराज्यीय पारगमन पास दिखाया।
मोबाइल सत्यापन एप्लिकेशन से जांच करने पर यह पास फर्जी निकला। वाहन का प्रस्थान स्थल उत्तराखंड के हाथीखाल और गंतव्य बरेली बताया गया था। कागज संदिग्ध लगने पर उप जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह ने वाहन को बहेड़ी थाने के सुपुर्द कर दिया।