भोजीपुरा (बरेली)। शाहजहांपुर से हरियाणा जा रहा धान से भरा ट्रक बिलवा पुल के पास खड़े ट्रक में घुस गया। इसमें चालक की मौके पर मौत हो गई। हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बिलवा ओवरब्रिज के ऊपर लकड़ी से भरा ट्रक खराब हो गया। रात 12 बजे शाहजहांपुर की ओर से धान से भरे ट्रक ने इस ट्रक में टक्कर मार दी। कोहरा इतना घना था कि चालक को सामने खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि टक्कर मारने वाले धान से भरे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक का शव ट्रक में फंस गया।
सूचना पर भोजीपुरा थाना पुलिस पहुंची। प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी ने लोगों की मदद से चालक के शव को निकलवाया। घायल क्लीनर को सीएचसी भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ड्राइवर के शव की पहचान इस्माइल निवासी उमस्सड़ थाना मदनापुर शाहजहांपुर के रूप में हुई। क्लीनर सबलू कस्बा व थाना कांठ जिला शाहजहांपुर का रहने वाला है। पुलिस की सूचना पर चालक व क्लीनर के परिवार वाले भी आ गए। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया। घटना की वजह से कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, पर जल्दी ही दोनों ट्रक हटा दिए गए। अमर उजाला ब्यूरो