फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सीएनजी सिलिंडर लदा ट्रक पलटा, डेढ़ घंटे बाधित रहा आवागमन

Mon, 20 Jul 2026 11:49 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सोमवार सुबह सवा पांच बजे 60 से अधिक सीएनजी सिलिंडर लदा ट्रक संजयनगर के महर्षि कश्यप चौराहे के पास पलट गया। गैस रिसाव होने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने गैस रिसाव बंद कर स्थिति पर काबू पाया। सूचना के बाद भी गैस कंपनी की टीम मौके पर नहीं पहुंची।
विज्ञापन

सुबह सवा पांच बजे चौराहे पर ट्रक पलटते ही तेज धमाके की आवाज से राहगीर और आसपास के लोग घबरा गए। कुछ सिलिंडरों में से गैस रिसाव होने लगा तो लोगों का डर और बढ़ गया। बारादरी थाना पुलिस के पहुंचने से पहले ही ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक को शीशा तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर एफएसओ संजीव कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद आसपास के रास्ते पर बैरिकेडिंग कर टीम ने ट्रक को चारों ओर से घेरकर गैस रिसाव बंद करने का प्रयास किया। आसपास के इलाके की बिजली तुरंत कटवा दी गई। चौराहे के सामने पेट्रोल पंप होने से खतरा और बढ़ गया था। हालांकि जब चालक ने बताया कि वह ट्रक को खाली कर आ रहा है तो खतरे की आशंका लगभग खत्म हो गई। करीब एक घंटे में गैस के सभी वाल्व बंद करके ट्रक व इलाके को पूरी तरह सुरक्षित किया गया। क्रेन बुलाकर ट्रक को सीधा कराया गया। पौने सात बजे ट्रक को वहां से हटाकर दूसरी जगह खड़ा कराया गया।
विज्ञापन

यातायात रोका गया

आग लगने की आशंका में दमकल की दो गाड़ियां भी तैनात की गईं। ट्रक पलटने और वाल्व दबने से गैस के रिसाव को रोकना मुश्किल हो रहा था। करीब डेढ़ घंटे तक बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में अलर्ट रहा। संजयनगर चौराहे के आसपास यातायात रोक दिया गया। लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया।
तेज ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
अग्निशमन टीम की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, मौके पर सड़क बिल्कुल ठीक है। ट्रक चालक तेजी से चौराहे की ओर आ रहा था। चौराहे से पहले ब्रेकर देखकर उसने तेजी से ब्रेक लगाए। इससे वाहन अनियंत्रित होकर महर्षि कश्यप चौक की रोटरी पर चढ़कर पलट गया। तेज रफ्तार के अलावा फिसलन भी इसकी वजह बनी।
कई बार कॉल की पर नहीं आया कंपनी का प्रतिनिधि
एफएसओ ने कई बार संबंधित कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉल की। दो कर्मचारियों ने कॉल रिसीव की और कहा कि वह सो रहे हैं। अग्निशमन अधिकारी ने इनसे मौके पर आकर तकनीकी मदद करने की अपेक्षा की तो उन्होंने थोड़ी देर में आने की बात कही। हालांकि दो घंटे तक मौके पर कोई नहीं आया तो अग्निशमन टीम चालक की सुपुर्दगी में ट्रक देकर लौट आई।
वर्जन
सीएनजी गैस का ट्रक पलटने की घटना महज इत्तेफाक थी। गनीमत रही कि सिलिंडर खाली हो चुके थे। अग्निशमन टीम व पुलिस ने सुरक्षित तरीके से बचाव अभियान चलाया। चालक भी सुरक्षित है। - शिवम आशुतोष सिंह, एएसपी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें