फतेहगंज पूर्वी में टिसुआ ओवरब्रिज पर ट्रक से टक्कर के बाद लटकी बस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
प्रवासी मजदूरों को ले जा रही थी बस, नौ लोग मामूली रूप से हुए घायल
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। बुधवार सुबह टिसुआ ओवरब्रिज पर प्रवासी मजदूरों को लेकर जा रही बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए। ट्रक सर्विस लेन पर पलट गया, जबकि बस ओवरब्रिज से आधी लटक गई। गनीमत रही कि उस वक्त सर्विस लेन खाली थी। दोनों वाहनों में सवार नौ लोग घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां से अधिकांश घायल प्राथमिक उपचार कराने के बाद चले गए। हादसा गंभीर था पर गनीमत रही कि लोगों की जान बच गई।
बुधवार पूर्वान्ह करीब 11 बजे पंजाब के लुधियाना से धान की रोपाई करके बिहार के चंपारण जिले में अपने घर लौट रहे मजदूरों की निजी बस टिसुआ ओवरब्रिज पर पहुंची तभी शाहजहांपुर की ओर से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। बस अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज के बायीं ओर आधी नीचे लटककर रुक गई। ट्रक दायीं ओर की सर्विसलेन पर पलट गया। हादसे के बाद वाहनों में सवार लोगों में कोहराम मच गया। गनीमत यह रही कि हादसे के दौरान कोई सर्विसलेन पर नहीं था।
सूचना पर तत्काल ही एसओ अश्र्विनी कुमार पुलिस के साथ पहुंच गए। उन्होंने बस और ट्रक में सवार लोगों को निकलवाया और एंबुलेंस मंगाकर जिला अस्पताल भेजा। बस को कुशीनगर के थाना रामकोला के गांव नारायनपुर निवासी ड्राइवर बैजनाथ चला रहे थे। बस में करीब छह मजदूर सवार थे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वे चले गए। ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को भी मामूली चोटें आईं। उन्हें भी पास के निजी अस्पताल में भेजा गया।
कुछ ही देर में बरेली से पहुंच गईं कई एंबुलेंस
हादसे के बाद पुलिस और पब्लिक की सूचना पर चंद मिनट में ही बरेली से कई 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। प्राथमिक उपचार के बाद पहले घायलों को नजदीकी अस्पताल और फिर बरेली जिला अस्पताल भेजा गया। बरेली एंबुलेंस के प्रोग्राम मैनेजर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि एंबुलेंस स्टाफ ने मामूली रूप से घायलों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया।