शांति विहार निवासी शीतल ने पहले तहरीर में आरोप लगाया था कि कांधरपुर निवासी सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने उनके भाई हर्ष को दुर्घटना के मुकदमे में बचाने के नाम पर पुलिस और जेल का भय दिखाकर उससे 1.20 लाख रुपये ले लिए। महिला काफी गरीब है। उसने 70 हजार रुपये आभूषण गिरवी रखकर व 50 हजार रुपये रिश्तेदारों से लेकर दिए थे। 16 जुलाई की शाम छह बजे शिवचरन कश्यप के आवास पर रकम दी गई। बाद में रुपये वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगे।
धमकी देने के आरोप की होगी जांच
महिला का यह भी आरोप कि रकम वापस मांगने पर उन्हें धमकी दी गई। हालांकि अब महिला ने बयान बदल दिया है। उसने कहा है कि जब उसने थाने में तहरीर दी तो सपा नेता ने बुलाकर पूरी रकम वापस कर दी। साथ ही रुपये देते हुए वीडियो भी बनाया। महिला से कहा कि वह कहीं कुछ न करे। ऐसा करके भी पूर्व जिलाध्यक्ष फंस गए हैं। पुलिस का मानना है कि रुपये वापस करने से भी रुपये लेने की पुष्टि हो रही है। महिला को जान से मारने की धमकी की जांच भी बाकी है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।