अडरं-12 मिनी आईपीएल सीजन-1 का भव्य शुभारंभ मंगलवार को कैंट स्थित रविंद्रनाथ टैगोर क्रिकेट एकेडमी मेंं हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि मनीष सिंह ने किया। उद्घाटन दिवस के मैचों में त्रिवटीनाथ किंग्स और पशुपति नाथ वॉरियर्स ने विजयी शुरुआत की।
दिन का पहला मुकाबला त्रिवटीनाथ किंग्स और अलखनाथ चैलेंजर्स के बीच खेला गया। त्रिवटीनाथ किंग्स के कप्तान अभिनव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो बेहद सही साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अलखनाथ चैलेंजर्स की टीम त्रिवटीनाथ की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 19.1 ओवर में महज 74 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से मोहम्मद जीशान ने सर्वाधिक 23 रन और मोहम्मद फरहान ने 19 रनों का योगदान दिया। त्रिवटीनाथ किंग्स की तरफ से कप्तान अभिनव ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि शौर्य प्रताप ने दो सफलताएं हासिल कीं। 75 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिवटीनाथ किंग्स ने उत्कर्ष के 16 और अभिनव के 15 रनों की संयमित पारियों की मदद से 11.4 ओवर में चार विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। अलखनाथ की ओर से अनिकेत कुमार ने दो विकेट लिए, लेकिन वे हार नहीं टाल सके।
वहीं, दूसरे मैच में रोमांचक टक्कर देखने को मिली जहां बनखंडीनाथ हीरोज का सामना पशुपतिनाथ वॉरियर्स से हुआ। बनखंडीनाथ हीरोज के कप्तान अंश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। सचिन की 45 रनों की जुझारू पारी के दम पर टीम ने 18.1 ओवर में 96 रन बनाए और पूरी टीम ऑल आउट हो गई। पशुपतिनाथ की ओर से संगम और नीतीश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि अभी और गर्व को एक-एक विकेट मिला। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पशुपतिनाथ वॉरियर्स की टीम ने संगम के 24 और हर्षित यादव के 22 रनों की बदौलत मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और 12.2 ओवर में केवल तीन विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। बनखंडी हीरोज की ओर से माही ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए, लेकिन पर्याप्त स्कोर न होने के कारण उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।