शाही। विक्रमपुर गांव की संकरी गली में मंगलवार को फंसे दो सांड़ों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एक सांड़ को मंगलवार शाम और दूसरे सांड़ को 12 घंटे की मशक्कत से मंगलवार देर रात में निकाला जा सका।
विक्रमपुर में मंगलवार दोपहर दो सांड़ संकरी गली में फंस गए। ग्रामीणों की सूचना पर गोसेवक, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। एक सांड़ को तो मंगलवार शाम सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे सांड़ को निकालने में परेशानी हुई। अधिकतर प्रयास नाकाम होने के बाद प्रशासन ने पास बने मकान की दीवार को काटने का निर्णय किया और मकान मालिक से अनुमति मांगी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने रात 11:00 बजे दीवार काटकर जगह बनाई। सांड़ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू पूरा होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू करने में पुलिस टीम, पशु चिकित्सक टीम के दीपक श्रीवास्तव, गोसेवक दिनेश गंगवार, वीरेंद्र कुमार, अंकित शर्मा, सुनील चंद्रवंशी, ग्राम प्रधान तेजेंद्र, समाजसेवी वाहिद नवी आदि ने सहयोग किया।
छुट्टा पशुओं से परेशान हैं ग्रामीण - ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को आश्रय गृह भेजने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। एक सप्ताह पहले सुकली गांव में भी एक सांड़ कुएं में गिर गया था। शाही कस्बा, लालकुआं और मिर्जापुर बाजार में दिनोरात छुट्टा पशु घूमते रहते हैं। रात में सड़क पर पशुओं का कब्जा रहता है। अचानक सामने आने से बाइक सवार भी घायल हो चुके हैं। मिर्जापुर साप्ताहिक बाजार में सांड़ ने एक युवक को सींगों से उठाकर पटक दिया था। किसानों को रातभर जागकर फसलों की रखवाली करने पड़ती है। गांव के आसपास छुट्टा गोवंशीय पशुओं के घूमने के मामले में प्रधान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।
वर्जन,गांव में छुट्टा गोवंशीय पशुओं के घूमने का कोई मामला नहीं है। अगर कहीं से शिकायत मिलेगी, तो पशुओं को गोशाला में भेजने का प्रबंध किया जाएगा। - अक्षय गुप्ता, सचिव, ग्राम पंचायत