फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली में इंटरनेट बंद: रोडवेज के चालक-परिचालकों की ऑनलाइन नहीं लग सकी ड्यूटी, परिवहन विभाग की वसूली अटकी

Sat, 04 Oct 2025 02:55 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली में इंटरनेट बंद होने से सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुआ। शनिवार तक परिवहन विभाग के राजस्व में तीन करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट का अनुमान है। वहीं रोडवेज के चालक और परिचालकों की ऑनलाइन ड्यूटी नहीं लग सकी। 
विज्ञापन
सेटेलाइट बस अड्डे पर खड़ीं रोडवेज की बसें - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में इंटरनेट सेवा बंद होने से रोडवेज की ई-टिकटिंग मशीन (ईटीएम) भी ठप हो गईं। इससे कई रूटों पर मैनुअल टिकट से काम चलाया गया। रोडवेज बसों में यात्री किराये का ऑनलाइन भुगतान भी नहीं कर सके। मैनुअल टिकट बनाने में परिचालकों को भी समस्या हुई। चालक-परिचालकों की ऑनलाइन ड्यूटी पर भी नहीं लग सकी। मैनुअल ड्यूटी लगाकर बसों का संचालन कराया जा रहा है। वहीं, आशंका के मद्देनजर शुक्रवार को बरेली आने वाले यात्रियों की संख्या भी कम रही। 

विज्ञापन


आरएम दीपक चौधरी ने बताया शनिवार को भी मैनुअल टिकट और ड्यूटी से काम चलाया जाएगा। त्योहारी सीजन में बसों के संचालन को लेकर शुक्रवार को आरएम दीपक चौधरी ने चारों डिपो के एआरएम के साथ बैठक की। विभिन्न रूटों और उन पर संचालित बसों के संबंध में जानकारी ली और नए रूटों को चिह्नित करने के निर्देश भी दिए। कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी रूट पर बसों की कमी नहीं होनी चाहिए। समयबद्धता का भी खास ध्यान रखा जाए। 

ट्रेनों में भी घट गई टिकटों की बिक्री
इंटरनेट बंद होने के कारण ट्रेनों में भी टिकटों की बिक्री घट गई है। जंक्शन पर खाने-पीने के स्टॉलों पर ऑनलाइन भुगतान ठप होने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। क्यूआर कोड और यूटीएस के जरिये टिकट बुकिंग ठप रहने से काफी संख्या में यात्रियों ने काउंटर और ईटीवीएम से सामान्य टिकट लिए। हालांकि, जंक्शन पर रेल टेल का बाई-फाई चालू रहने से अन्य विभागीय काम प्रभावित नहीं हुए। जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही में आठ हजार तक की गिरावट दर्ज की गई।

विज्ञापन

परिवहन विभाग की अटकी वसूली 
जिले में एक बार फिर इंटरनेट सेवाएं ठप होने से शुक्रवार को परिवहन विभाग का काम प्रभावित रहा। मैनुअल व्यवस्था की कोशिश की गई, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सकी। राजस्व वसूली पूरी तरह ठप हो गई है। शनिवार तक राजस्व में तीन करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट का अनुमान है।

परिवहन विभाग के सभी कार्य अब सारथी एप पर ऑनलाइन हो रहे हैं। डीबीए आदित्य कुमार ने बताया कि शुक्रवार को इंटरनेट बंद होने से विभाग का काम पूर्ण रूप से बंद रहा। कार्यालय तो खुला, लेकिन सिर्फ पुरानी पत्रावलियों को देखा गया। 

शुक्रवार 75 से अधिक स्थायी लाइसेंस के टेस्ट व 40 से अधिक लाइसेंस नवीनीकरण के टेस्ट स्थगित हुए। शनिवार को भी स्थायी लाइसेंस के 85 और लाइसेंस नवीनीकरण के 43 टेस्ट की तिथियां मुकर्रर हैं। इंटरनेट बंद होने से ये टेस्ट भी नहीं हो पाएंगे। पंजीकरण आदि से मिलने वाले राजस्व में करीब तीन करोड़ रुपये गिरावट का अनुमान है।
विज्ञापन

आवेदकों को दी मौखिक जानकारी
लाइसेंस के लिए टेस्ट देने वाले आवेदकों को काफी परेशानी हुई। ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर स्थायी लाइसेंस के लिए टेस्ट देने पहुंचे उपभोक्ताओं को इंटरनेट बंद होने की मौखिक जानकारी दी गई। बाद में विभाग की ओर से दोबारा संदेश भेजकर उन्हें टेस्ट की संशोधित तिथि की जानकारी दी जाएगी। 

आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने कहा कि इंटरनेट बंद होने से विभाग का सारा काम ठप रहा। अब मैनुअल व्यवस्था तो हो ही नहीं सकती है। सिर्फ पत्रावलियों को चेक कर हस्ताक्षर किए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें