कोरोना संक्रमण के चलते इन दिनों गिनी चुनी ट्रेनें चल रही हैं लेकिन लेटलतीफी फिर भी जारी है। शुक्रवार को साल के पहले दिन भी कोहरे के चलते करीब आधा दर्जन ट्रेनें देरी से जंक्शन पहुंचीं। इनमें अप और डाउन दिशा की फिरोजपुर-धनबाद गंगा सतलज एक्सप्रेस ढाई घंटे, जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस दो घंटे, मेरठ सिटी-प्रयाग नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे और वाराणसी-नई दिल्ली महामना एक्सप्रेस डेढ़ घंटे लेट रही।
वहीं दूसरी तरफ कानपुर में भी कोहरे की वजह से नए साल पर 32 ट्रेनें लेट आईं। दिल्ली से आने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे की देरी से साढ़े नौ बजे आई। वहीं, लखनऊ जाने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर सवा 11 बजे के बजाय दोपहर डेढ़ बजे कानपुर सेंट्रल पहुंची।
सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से दोपहर साढ़े 12 बजे सेंट्रल स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के लेट होने से 222 यात्रियों ने टिकट वापस कर दिए। वहीं, 198 यात्रियों को दूसरी कनेक्टिंग ट्रेन से सफर करने की अनुमति दी गई।