मुरादाबाद और इज्जतनगर मंडल से रेलवे बोर्ड ने मांगी प्रमुख ट्रेनों की सूची
बरेली। मुरादाबाद और इज्जतनगर रेल मंडल में ट्रेनों के चलाने की तैयारी तेज हो गई है। पहले महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और उसके बाद पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएंगी। सूत्रों का कहना है कि दो नवंबर से ट्रेनों का संचालन नियमित हो सकता है। हालांकि अधिकारी इस संबंध में कुछ कहने से बच रहे हैं।
इज्जतनगर रेल मंडल ने एक महीना पहले त्रिवेणी एक्सप्रेस, टनकपुर-दिल्ली एक्सप्रेस, बरेली-लालकुआं एक्सप्रेस समेत पांच और कासगंज रूट की पैसेंजर ट्रेनों के प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे थे, जिसमें रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस और रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है।
मुरादाबाद रेल मंडल की इंटरसिटी एक्सप्रेस, आला हजरत एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, महाकाल एक्सप्रेस, प्रयाग एक्सप्रेस और चंदौसी रूट की पैसेंजर ट्रेनों का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड भेजा गया था, जिसमेें केवल आला हजरत एक्सप्रेस को बढ़े हुए किराए के साथ चलाया गया। अब नवंबर में दीपावली, छठ, गंगा स्नान आदि त्योहारों के मद्देनजर रेलवे बोर्ड ने दोनों मंडलों से प्रमुख ट्रेनों की सूची मांगी है, जिससे दो नवंबर से ट्रेनों को चलाया जा सके। इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि दो नवंबर से ट्रेनें चलने का कोई आदेश अभी नहीं है, लेकिन मंडल ने तैयारी शुरू कर दी है।
-