बरेली। होली पर घर वापसी के लिए रविवार से ट्रेनों और बसों में भीड़ बढ़ गई। बरेली से पूर्वांचल, बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाली गाड़ियों पर रविवार को ज्यादा दबाव रहा। गाड़ियां पहले ही फुल हैं। ऐसे में यात्री शौचालय और लगेज यान में बैठकर यात्रा के लिए मजबूर हो रहे हैं। कई पायदान पर भी बैठे दिखाई दिए।
रविवार को छह घंटे की देरी से आई 15910 अवध-असम एक्सप्रेस में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति रही। अन्य गाड़ियों का भी यही हाल रहा। सामान्य कोचों की संख्या कम होने के कारण लोग आरक्षित श्रेणी के स्लीपर व एसी कोचों में भी घुस रहे हैं। इसको लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं। भीड़ बढ़ने के साथ ट्रेनों में सुरक्षा कर्मियों की संख्या को भी बढ़ा दिया गया है। जंक्शन पर आपाधापी न हो इसके लिए जीआरपी ने स्थानीय पुलिस से भी मदद मांगी है।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान ने बताया की जंक्शन पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। यात्रियों को समस्या न हो, इसके लिए अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं। महिला यात्रियों की सुरक्षा के प्रबंध भी किए गए हैं। परिसर में लगे सीसी कैमरों से निगरानी की जा रही है। गाड़ियों के पायदान पर लोग यात्रा न करें, इसको लेकर जागरूक भी किया जा रहा है।