गुजरात से स्पेशल ट्रेन के जरिए बरेली पहुंचे श्रमिक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। गुजरात के पालनपुर स्टेशन से 1195 श्रमिकों को लेकर शुक्रवार शाम पांच बजे रवाना हुई श्रमिक स्पेशल ट्रेन शनिवार को बरेली पहुंच गई। ट्रेन 15 घंटे का सफर तय करके शनिवार सुबह 7:45 बजे पौने दो घंटे देरी से पहुंची। रास्ते भर श्रमिक और उनके बच्चे भूखे रहे। उन्हें खाने के नाम पर सिर्फ बिस्कुट का एक-एक पैकेट दिया गया। 22 कोच की इस ट्रेन में सबसे ज्यादा श्रमिक बदायूं और कासगंज के थे।
श्रमिकों को बरेली के आसपास के उनके गृहजनपद छोड़ने के लिए रोडवेज की 49 बसें लगाई गई थीं। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद श्रमिकों को बसों से रवाना किया गया। उन्हें खाने के पैकेट और पानी की बोतलें भी दी गईं।