बरेली। मुरादाबाद डिवीजन के एडीआरएम सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने और यात्रियों से इस संबंध में बातचीत करने के लिए जंक्शन पहुंचे थे, लेकिन ब्लॉक के चलते यात्री प्लेटफार्म पर नहीं थे, इस कारण वह यात्रियों से बातचीत किए बिना ही केवल स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक करके आंवला की ओर रवाना हो गए। उधर, एडीआरएम के आने की पूर्व जानकारी के चलते पटरियों पर चूना डाला था। प्लेटफार्म का फर्श भी चमचमा रहा था। इस दौरान उन्होंने कहा कि एस्केलेटर जल्द ही शुरू हो जाएंगे।
एडीआरएम अश्विनी कुमार शुक्रवार की दोपहर अवध असम एक्सप्रेस से बरेली जंक्शन पहुंचे। उन्हें सावन का आखिरी शनिवार होने के कारण जंक्शन पर सफाई और अन्य जन सुविधाओं का निरीक्षण करना था, लेकिन जब वह जंक्शन पहुंचे तो ब्लॉक की वजह से प्लेटफार्म पर यात्री न के बराबर थे। इसलिए वह साफ सफाई और अन्य सुविधाओं के बारे में यात्रियों से बातचीत नहीं कर सके और सीधे वीआईपी रूप में चले गए। यहां लगभग एक घंटे तक चली बैठक में स्थानीय अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में कोताही न बरतने, स्वच्छता सर्वेक्षण में विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एस्केलेटर शुरू न होने से सर्वेक्षण में जंक्शन को कम आंका गया है, एस्केलेटर जल्द चालू होंगे। जंक्शन पर सीएमआई संजीव दुबे, सीआईटी एके चौबे, सीएचआई राजीव श्रीवास्तव, आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएस तोमर, जीआरपी इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार आदि ने स्वागत किया।