बरेली। मुंबई में चल रही मूसलाधार बारिश के चलते रेल ट्रैक पानी में डूबे चल रहे हैं, जिसके कारण रेलवे प्रशासन ने लोकमान्य तिलक टर्मिनल से बरेली वापसी करने वाली बरेली दादर एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया है यानी इस ट्रेन के मंगलवार को बरेली न आने की आशंका जताई जा रही है। वहीं बरेली में अगर समय से दादर का रेक नहीं पहुंचा तो बुधवार को बरेली से वाया भोपाल इंदौर जाने वाली महाकाल एक्सप्रेस (14320) भी रद्द हो सकती है।
यहां बता दें कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बरेली को आने वाली दादर एक्सप्रेस (14313) सोमवार सुबह 8:05 बजे चलकर मंगलवार शाम 3:55 बजे जंक्शन पहुंचती है। अगले दिन दादर एक्सप्रेस का यही रेक महाकाल एक्सप्रेस बनकर बुधवार को सुबह 11:25 बजे जंक्शन से चलकर बृहस्पतिवार की सुबह 11:05 बजे इंदौर पहुंचता है। वापसी में महाकाल एक्सप्रेस शुक्रवार की शाम को पहुंचकर अगले दिन शनिवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस बनकर रवाना होती है। अब मंगलवार की शाम को लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के न आने से महाकाल एक्सप्रेस दोनों ओर (14320/19) से रद्द हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि अगर सोमवार शाम को लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस मुंबई से चलती है और समय से बरेली जंक्शन पहुंच जाती है तो बुधवार को महाकाल एक्सप्रेस इंदौर के लिए रवाना हो सकती है।