बरेली। इज्जतनगर मंडल ने भोजीपुरा के बाद अब सेंथल में भी त्रिवेणी एक्सप्रेस का ठहराव खत्म कर दिया है। दोनों स्टेशनों पर ठहराव से मंडल के कामर्शियल अनुभाग को लगातार घाटा हो रहा था। मंडलीय अधिकारी छह महीने की अवधि के इंतजार में थे। सूत्रों की मानें तो दोनों स्टेशनों के ठहराव से त्रिवेणी एक्सप्रेस पर रोजाना पांच हजार रुपये का खर्चा था, जबकि आमदनी आधी से भी कम थी। सूत्रों का कहना है कि टनकपुर दिल्ली एक्सप्रेस का भी भोजीपुरा और बिजौरिया में ठहराव खत्म हो सकता है।
भोजीपुरा में त्रिवेणी एक्सप्रेस के ठहराव के बाद चलने में 20 लीटर डीजल खर्च होता था। सेंथल और भोजीपुरा में दोनों तरफ से 80 लीटर डीजल पर करीब पांच हजार रुपये रोज का खर्चा था। सूत्रों की मानें तो दोनों स्टेशनों से एक हजार रुपये के टिकट बिक जाएं तो बहुत था। भोजीपुरा स्टेशन के सूत्रों की मानें तो टनकपुर से त्रिवेणी एक्सप्रेस 9:25 बजे पीलीभीत पहुंचती थी, पांच मिनट रुकने के बाद भोजीपुरा रवाना होती थी। इससे पहले 9:05 बजे पीलीभीत से बरेली सिटी के लिए पैसेंजर ट्रेन रवाना होती है। पैसेंजर का किराया दस रुपये और एक्सप्रेस का किराया तीस रुपये होने के कारण ज्यादातर यात्री पैसेंजर ट्रेन से ही सफर करते थे। ऐसे में ठहराव में खर्च होने वाले डीजल का खर्च निकलना भी मुश्किल था। इज्जतनगर मंडल की सीनियर डीसीएम नीतू ने बताया कि खर्चा अधिक होने के कारण ट्रेन का ठहराव खत्म किया गया है।