बरेली-कासगंज रूट पर अगले महीने ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। शुरुआत में तीन जोड़ी एक्सप्रेस और दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएंगी। कासगंज रूट पर चलाई जाने वाली नई ट्रेनों की घोषणा वर्ष 2014 के रेल बजट में की गई थी और इनको टाइम टेबल में शामिल किया जा चुका है। इनके अलावा तीन जोड़ी ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित करके सीधा चलाया जा सकता है। आगरा फोर्ट के दुबारा दौड़ने की उम्मीद है।
बरेली-कासगंज के बीच 104 किलोमीटर मीटरगेज रेल लाइन को ब्राडगेज बनाया गया है। रामगंगा-बदायूं के बीच मेगा ब्लाक एक जनवरी 2014 को और बदायूं-कासगंज के बीच 15 फरवरी 2014 को लिया गया था। 20 सितंबर 2014 को रामगंगा-कासगंज के बीच इंजन ट्रायल हो चुका है। बरेली सिटी स्टेशन से लालकुआं, काठगोदाम तक पहले से ब्राडगेज लाइन है। बरेली जंक्शन व सिटी स्टेशन के बीच मीटर गेज की लाइन थी। इससे बरेली-कासगंज मार्ग चालू होने में देरी हो रही थी। बरेली जंक्शन और सिटी स्टेशन जुड़ने पर 22 जनवरी तक सीआरएस निरीक्षण होने की उम्मीद है। सीआरएस निरीक्षण के बाद फरवरी में काठगोदाम से आगरा, मथुरा, कानपुर और लखनऊ के लिए ट्रेनें चलने लगेंगी।
वर्ष 2014 में जारी टाइम टेबल के अनुसार शुरू में ट्रेन नंबर 15237 व 15238 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस, 18514 व 18513 अमृतसर-कानपुर और 15056 व 15055 रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस साप्ताहिक चलाई जाएंगी। ट्रेन नंबर 55345 व 55346 और 55343 व 55344 पैसेंजर गाड़ियां चलेंगी।
इन ट्रेनों का मार्ग बदलेगा
काठगोदाम से लखनऊ, कानपुर, हावड़ा को जाने वाली ट्रेनें वाया रामपुर होकर जाती हैं। इनमें ट्रेन नंबर 12209, 10 गरीब रथ, 19019, 20 बाघ एक्सप्रेस व लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस शामिल हैं। रामपुर में इंजन के पोजिशन बदलने में अतिरिक्त समय लगता है। इधर से दूरी लंबी है। बरेली-कासगंज मार्ग चालू होने पर गरीब रथ, बाघ एक्सप्रेस व लालकुआं -हावड़ा एक्सप्रेस को वाया किच्छा, बहेड़ी, बरेली होकर चलाया जा सकता है।
---
रेल बजट 2014 के टाइम टेबल में नई ट्रेनें शामिल की गई हैं, जिन्हें कासगंज मार्ग चालू होने पर चलाया जा सकता है।- राजेंद्र सिंह, पीआरओ पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल