बरेली। काठगोदाम एक्सप्रेस के महिला कोच में युवती से छेड़खानी और विरेध करने पर उसे चलती ट्रेन से फेंकने की घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने चेकिंग अभियान चलाया। जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों के महिला कोचों की तलाशी ली गई, लेकिन किसी कोच में कोई पुरुष यात्री नहीं मिला।
पीतांबरपुर स्टेशन के पास छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवती को चलती ट्रेन से फेंकने की घटना की बाद रेलवे बोर्ड में हड़कंप मचा हुआ है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आरपीएफ और जीआरपी ने जंक्शन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के महिला कोच में सघन अभियान चलाया। फोर्स ने त्रिवेणी एक्सप्रेस, अवध-असम एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, श्रमजीवी समेत दो दर्जन से अधिक ट्रेनों में महिला कोच में चेकिंग की, लेकिन कोई पुरुष यात्री नहीं मिला। जीआरपी इंस्पेक्टर विपिन सिसौदिया ने बताया कि महिला कोच में पुरुष यात्री के मिलने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सप्ताह में तीन दिन आरपीएफ महिला कोचों में चेकिंग करती है, हर बार चार-पांच पुरुष भी पकड़े जाते हैं, लेकिन शुक्रवार को हुई चेकिंग में कोई पुरुष यात्री नहीं पकड़ा गया।