गुरुवार को भी लाइन संख्या दो से किया जाना था ट्रायल, लेकिन ब्लॉक नहीं मिला
बरेली। हाई स्पीड ट्रेन का ट्रायल इंजन में कंपन के चलते सफल नहीं हो पा रहा है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक उनका ट्रैक एकदम फिट है, खामी कहीं न कहीं इंजन में ही है, जिसे दुरुस्त करने के लिए फ्रांस के इंजीनियरों की एक टीम गुरुवार को बरेली पहुंची। वह अपने साथ एक्स-रे मशीन भी लाई है, जिसका परीक्षण शुक्रवार को प्रस्तावित है।
यहां बता दें कि रेलवे बरेली से लखनऊ और बरेली से दिल्ली के लिए हाईस्पीड ट्रेन लगभग सौ किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाना चाहता है। इसके लिए फ्रांस से आए हाई स्पीड इंजन का ट्रायल बरेली और कटघर (मुरादाबाद) के बीच पिछले दिनों किया गया था। अंतिम ट्रायल बरेली कैंट से रामगंगा तक होने के बाद अब करीब एक हफ्ते से यह ट्रायल बंद चल रहा है।
गुरुवार को इंजन का ट्रायल लेने के लिए ब्लॉक मांगा गया था। ट्रायल के लिए सामान्य इंजन के साथ हाईस्पीड इंजन और आरडीएसओ कोच लाइन नंबर दो से पूर्वाह्न 11.30 बजे रामपुर भेजा जाना था। वापसी में ट्रायल हाईस्पीड इंजन के साथ किया जाना था, लेकिन किन्हीं कारणों से ब्लॉक नहीं मिल सका। अब शुक्रवार को ब्लॉक पूर्वाह्न 10 बजे के बाद मांगा गया है।
हाईस्पीड इंजन के नीचे लगाई गई है एक्स-रे मशीन
रेलवे के सूत्रों के मुताबिक स्थानीय अधिकारी ट्रैक को दुरुस्त बता रहे हैं, जबकि इंजीनियर हाई स्पीड इंजन में ही खामी बता रहे हैं। उनका कहना है कि अभी इंजन से संबंधित किट भी उन्हें मुहैया नहीं कराई गई है। वहीं हाई स्पीड इंजन से जुड़े फ्रांस के इंजीनियरों का कहना है कि ट्रैक में ही कुछ परेशानी है, जिसका पता उनकी एक्स-रे मशीन से चल जाएगा। यह मशीन ट्रायल के दौरान लेजर बीम से ट्रैक संबंधी खामी पकड़ेगी।