बरेली। रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने बरेली-मुरादाबाद के बीच अप लाइन पर एक घंटे का अघोषित ब्लॉक लेकर हाई स्पीड इंजन का ट्रायल लिया जिसकी वजह से कई ट्रेनें लेट हो र्गइं। सुविधा स्पेशल को एक घंटे तक जंक्शन पर खड़ा रखा गया। इस ट्रेन में बैठे यात्री यह समझ ही नहीं पाए कि आखिर ट्रेन को इतनी देर तक क्यों रोका गया।
बरेली-मुरादाबाद के बीच रेलवे का अघोषित ब्लॉक करीब ढाई बजे शुरू हुआ। इसी दौरान दोपहर 2.51 बजे अमृतसर आनंद विहार सुविधा स्पेशल जंक्शन पहुंची जिसे ब्लॉक की वजह से जंक्शन पर ही रोक दिया गया। यह ट्रेन एक घंटे जंक्शन पर ही खड़ी रही। इंजीनियर अनुभाग ने जंक्शन के स्थानीय अधिकारियों को भी इस ब्लॉक की सूचना नहीं दी थी। लिहाजा यात्रियों के साथ काफी देर तक रेलवे अफसर भी असमंजस में रहे। सुविधा स्पेशल चलाने को जब सिग्नल डाउन न होने का कारण पूछा तब कहीं उन्हें ब्लॉक का पता चला। रेलवे के सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को आरडीएसओ ट्रेन हाईस्पीड इंजन के साथ बरेली से कटघर (मुरादाबाद) तक दौड़ाई गई जो यहां से 2.40 बजे रवाना की गई। यह ट्रेन पिछले दिनों की अपेक्षा बिना झटकों के दौड़ी। बरेली जंक्शन के यार्ड में ट्रेन की वापसी रात 9.30 बजे हुई।