रेलवे ट्रैक के किनारे तो नहीं लग रहा कोई दशहरा मेला!
-एसडीएम ने मातहतों को सर्वे कर रिपोर्ट देने के लिए कहा
अमर उजाला
बरेली। पिछले साल पंजाब में रेलवे ट्रैक के पास लगे दशहरा मेले में आए कई लोगों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इस घटना से सबक लेते हुए प्रशासन ने इस बार रिपोर्ट मांगी है कि सर्वे कर बताएं कि रेल लाइन के किनारे रावण दहन या दशहरा का मेला तो नहीं लगता है।
एसडीएम सदर अमरेश कुमार ने रेलवे लाइन किनारे रावण दहन और दशहरा मेलों के संबंध में तहसीलदार सदर के साथ ही संबंधित लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों से रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम ने पॉवर कारपोरेशन और लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को भी निर्देश दिए हैं कि वे जिन जगहों पर रावण दहन या दशहरा मेला लगता है, वहां यह सुनिश्चित कर लें कि आसपास बिजली की लाइनें अस्त-व्यस्त तो नहीं है। मेला जाने वाले मार्ग में अगर गड्ढे हैं तो उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। एसडीएम ने दशहरा मेलों के शांतिपूर्ण आयोजनों के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी कर दी है।