बरेली। मिलक स्टेशन पर मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतरने पर दिल्ली लखनऊ डाउन लाइन का रेल यातायात सात घंटे बाधित रहा। मुरादाबाद से जंक्शन आने वाली ट्रेनें चंदौसी होते हुए बरेली कैंट स्टेशन पर रोककर लखनऊ की ओर चलाई र्गइं। लखनऊ से आने वाली ट्रेनों में इंजन विपरीत दिशा में लगाने के बाद चंदौसी होते हुए मुरादाबाद पहुंचाया गया। मुरादाबाद से पहली ट्रेन किसान एक्सप्रेस पूर्वाह्न 11 बजे जंक्शन पहुंची।
लखनऊ जा रही मालगाड़ी सुबह 5:20 बजे मिलक के क्योरार और गजाधरपुर गांव के बीच से गुजर रही थी। क्योरार गांव के रेलवे क्रॉसिंग से आगे गुजरने पर रेलवे लाइन में फ्रैक्चर हो गया, जिससे मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और मुरादाबाद बरेली रूट पर रेल यातायात बाधित हो गया। इस दौरान मुरादाबाद रामपुर के बीच चल रही लुधियाना धनबाद किसान एक्सप्रेस को मूंडापांडे स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इसके अलावा अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, अमृतसर दरभंगा जननायक एक्सप्रेस और चंडीगढ़ डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को चंदौसी होते हुए बरेली कैंट स्टेशन पर दो मिनट के लिए रोका गया। तीनों ट्रेनें जंक्शन आए बिना ही लखनऊ की ओर चली गईं। लखनऊ से आने वाली लखनऊ नई दिल्ली डबल डेकर एक्सप्रेस और नॉन स्टॉपजन साधारण एक्सप्रेस पहले जंक्शन पहुंची। इसके बाद इंजन विपरीत दिशा में इंजन लगाकर चंदौसी होते हुए मुरादाबाद पहुंचाई गई। ट्रैक क्लीयर होने के बाद 20 किलोमीटर के कॉशन से किसान एक्सप्रेस मिलक से 11 बजे जंक्शन पहुंची।
अप लाइन की ट्रेनें भी रहीं लेट
डिरेलमेंट होने के बाद डाउन लाइन के अलावा अप लाइन की ट्रेनें भी लेट हो गईं। बरेली-भुज आला हजरत एक्सप्रेस रोजाना की तरह सुबह 6:35 बजे जंक्शन से रवाना हुई। जंक्शन के अधिकारियों को उम्मीद थी कि अप लाइन की ट्रेनें गुजर जाएंगी, लेकिन आला हजरत एक्सप्रेस को भिटौरा स्टेशन पर ही रोक दिया गया। ट्रेन करीब चार घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद काशन पर मिलक स्टेशन तक गई। डिब्रूगढ़ लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस भी दो घंटे की देरी से 12:08 बजे जंक्शन पहुंची।
डीजल इंजन से रवाना हुई
डबल डेकर एक्सप्रेस
लखनऊ से सुबह 8:30 बजे बरेली जंक्शन आने वाली लखनऊ नई दिल्ली डबल डेकर एक्सप्रेस पहुंची। यह ट्रेन इलेक्ट्रिक इंजन से चलती है। जंक्शन से यह ट्रेन चंदौसी होते हुए मुरादाबाद पहुंचनी थी, लेकिन चंदौसी रूट इलैक्ट्रिक न होने के कारण ट्रेन को डीजल इंजन लगाकर नई दिल्ली की ओर रवाना किया गया।