बरेली। कोर्ट परिसर और कलक्ट्रेट के बाहर वन-वे व्यवस्था को लेकर मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच तकरार हो गई। यहां जाम की स्थिति से बचने के लिए हाल ही में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था की गई है।
मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कलक्ट्रेट गेट से कोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग को भी वन-वे कर दिया। दोपहर में एक अधिवक्ता अपनी गाड़ी से वहां पहुंचे और रॉन्ग साइड से जाने पर अड़ गए। ट्रैफिक ने उन्हें रोककर नियमों का पालन करने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। एसटीआई मनीष दुबे ने इसकी जानकारी बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पांडेय को दी तो वह भी मौके पर आ गए। बार सचिव ने अधिवक्ताओं को समझाते हुए बताया कि यह व्यवस्था जिला जज के आदेश पर की गई है, ताकि जाम न लगे। अगर अधिवक्ता ही नियमों का पालन नहीं करेंगे तो व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा। बाद में दोनों पक्ष शांत हो गए।