बरेली। पुराने रामगंगा पुल की मरम्मत का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब सिर्फ लोक निर्माण विभाग को पुल के ऊपर डामर की परत बिछानी है। मार्च से इस पर ट्रैफिक शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि तय समय से करीब एक महीना देरी से पुल पर ट्रैफिक चालू हो पाएगा।
नए रामगंगा पुल के चालू होने के बाद पुराने पुल पर मरम्मत के लिए दिसंबर में ट्रैफिक बंद कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग को मरम्मत का कार्य फरवरी के अंतिम सप्ताह तक पूरा करना था, लेकिन पुल पर अभी कोलतार का काम होना बाकी है। मार्च में पुल पर ट्रैफिक चालू हो जाएगा। अभी नए पुल से ही दोनों तरफ का ट्रैफिक निकल रहा है। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता देवेंद्र मिश्र ने बताया कि पुल के सभी गार्डर बदल दिए गए हैं, रेलिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है। अब सिर्फ डामर की परत बिछाने और रंगाई-पुताई का काम होना बाकी है। यह काम अगले सप्ताह तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद बदायूं की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को पुराने पुल से और बरेली से बदायूं की ओर जाने वाले ट्रैफिक को नए पुल से गुजारा जाएगा।