बरेली। सीएम ग्रिड योजना के तहत कार्य कराने के लिए नैनीताल रोड पर बृहस्पतिवार को अतिक्रमण को चिह्नित करने पहुंची टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने गलत पैमाइश का आरोप लगाया। विरोध बढ़ा तो टीम को बीच में ही नपाई छोड़कर जाना पड़ा।
नगर निगम की टीम ने नैनीताल रोड पर पैमाइश शुरू की तो व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। टीम ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान टीम पहले लगाए गए लाल निशान को दोबारा से चिह्नित करने और सड़क की नपाई करने में जुटी रही। इसी दौरान पंप के पास संकरी जगह होने की वजह से टीम ने दुकानों के अंदर तक निशान लगा दिए तो व्यापारियों ने गलत पैमाइश का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। अंतत: निगम की टीम को लौटना पड़ा।
व्यापारियों ने खुद ही हटाया अतिक्रमण
व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को भी खुद ही अपना अतिक्रमण हटाया। काेहाड़ापीर से लेकर धर्मकांटे तक लोग अपना सामान आदि हटाते रहे। मंगलवार को हुई निगम की कार्रवाई के बाद व्यापारी खुद सामान हटाने व नए सिरे से दुकान बनवाने में लगे हुए हैं।
अतिक्रमणकारियों से वसूला पांच हजार रुपये जुर्माना
फोटो
बरेली। शहर को जाम से मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम ने महादेव सेतु के नीचे, बटलर प्लाजा के सामने वाले मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ को घेरकर लगाए गए अवैध ठेलों, खोमचों और दुकानों के बाहर किए गए पक्के अतिक्रमण को हटाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों से 5,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। निगम के अधिकारियों ने दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण पाया गया तो सामान जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बटलर प्लाजा पर कुछ ठेला लगाने वालों ने भेदभाव का आरोप लगाया। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। लोगों से अपील की कि सड़क किनारे अतिक्रमण न करें। संवाद