पलटी ट्रेक्टर ट्राली एवं लगी भीड़
मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव तिलमास में शादी समारोह में आ रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली गोरा हेमराजपुर पुल के पास पलट गई, जिसमें 12 से अधिक लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने घायलों को बरेली के अस्पताल भेजा है।
क्षेत्र के तिलमास में असलम पुत्र सलमान खान के यहां बेटी की शादी का कार्यक्रम था। उसी शादी समारोह में थाना वजीरगंज बदायूं के गांव सुरसेना से एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से 24 लोग आ रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राॅली गौरीशंकर गुलड़िया की ओर से रात नौ बजे के आसपास गोरा हेमराजपुर के पास पहुंची। तभी असंतुलित होकर पलट गई, जिसमें सवार 40 वर्षीय शफीक पुत्र नत्थू, 35 वर्षीय रुखसाना पत्नी इरफान, 15 वर्षीय शिल्की पुत्री इरफान, 38 वर्षीय शकीला, 18 वर्षीय महबिश पुत्री शकील, 18 वर्षीय आलिया पुत्री सईद अहमद, 18 वर्षीय हिना पुत्री नवीरसूल आदि घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल भेज दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष मीरगंज प्रयागराज सिंह भी मौके पर पहुंचे। संवाद