फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: पर्यटकों को बरेली पसंद, सालभर में शहर आए 1.10 करोड़ सैलानी

Sat, 17 Jan 2026 03:38 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

नाथ नगरी बरेली पर्यटन के क्षेत्र में नित नई पहचान गढ़ रही है। पर्यटन विभाग के अनुसार सालभर में एक करोड़ से ज्यादा सैलानी बरेली आए हैं।  
विज्ञापन
त्रिवटी नाथ मंदिर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध बरेली शहर हर साल पर्यटकों की संख्या में नया रिकॉर्ड दर्ज कर रहा है। सात नाथ मंदिर, मनौना धाम, अहिच्छत्र, रामनगर किला और आला हजरत दरगाह जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों के कारण देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक बरेली की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इससे न सिर्फ शहर की रौनक बढ़ी है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिली है।

विज्ञापन


प्रदेश सरकार की पर्यटन नीति और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले विजन का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। नाथ नगरी में आस्था की ऐसी लहर चली है कि पर्यटकों की संख्या एक करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है। यह कई बड़े पर्यटन स्थलों से भी अधिक है। बीते तीन वर्षों में 2.5 करोड़ से अधिक पर्यटक बरेली आ चुके हैं।

स्मार्ट सिटी बरेली में सात नाथ मंदिरों को जोड़कर विकसित किया जा रहा नाथ कॉरिडोर श्रद्धालुओं के लिए एक नई सुविधा बनकर उभर रहा है। इसके पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरा चरण प्रगति पर है। वाराणसी के बाद बरेली भी अब आस्था के एक प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। नाथ कॉरिडोर के पूर्ण होने पर पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
विज्ञापन


पर्यटन विभाग केवल भीड़ नहीं, बल्कि पर्यटकों के ठहराव को बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। इसी क्रम में लाइट एंड साउंड शो की तैयारियां की जा रही हैं और होम-स्टे योजना के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवासीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। होटल, सड़क, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय व्यापार, परिवहन और रोजगार को सीधा लाभ मिल रहा है।

विज्ञापन

सावन और उर्स में उमड़ता है आस्था का सैलाब
पर्यटन विभाग के अनुसार सावन माह और उर्स के दौरान बरेली में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिलती है। सात नाथ मंदिरों के कारण सावन में पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर, रामपुर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। सावन के चार-पांच सोमवार को पूरा शहर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठता है। इसी तरह आला हजरत के उर्स के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेश से भी लाखों जायरीन बरेली आते हैं और कई दिनों तक शहर में ठहरते हैं। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि
2023 : 81.26 लाख
2024 : 99.13 लाख
2025 : 1.10 करोड़ 

ऐसे होती है पर्यटकों की गणना  
पर्यटन विभाग के मुताबिक, पर्यटकों की गणना सिर्फ सावन व उर्स के आधार पर नहीं होती है। शहर में पार्क, त्योहार, परीक्षा, शादी में आने वालों को भी पर्यटकों की गिनती में शामिल किया जाता है।

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार पर्यटन नीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। सात नाथ होने की वजह से पर्यटकों की संख्या यहां पर हर साल बढ़ रही है। बढ़ती संख्या को देखते हुए अन्य नीतियां भी बनाई जा रही हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें