बरेली। जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने उद्यमियों और व्यापारियों को करीब 100 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। ट्रेडिंग क्षेत्र को लगभग 70 करोड़ रुपये और शहर में जलभराव के कारण 30 करोड़ रुपये की हानि हुई है। नालों का पानी ओवरफ्लो होकर फैक्टरियों के अंदर घुस गया।रविवार रात से शुरू हुई बारिश ने सोमवार को पिछले 46 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 24 घंटे में 381 मिलीमीटर बरसात दर्ज की।
बारिश के कारण परसाखेड़ा, सीबीगंज और भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्रों की इकाइयां ठप हो गईं। कई जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे सोमवार को भी औद्योगिक क्षेत्रों में काम नहीं हो सका। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि फैक्ट्रियों में पानी भर गया। इससे कारोबारियों का कच्चा माल जलमग्न हो गया। नालों का पानी ओवरफ्लो होकर फैक्टरियों के अंदर घुस गया। इस कारण उत्पादन पूरी तरह बंद रहा। गंभीर जलभराव के चलते मजदूर भी फैक्टरियों तक नहीं पहुंच सके। इससे फैक्टरियों का संचालन पूरी तरह बाधित रहा।
बाजारों और गोदामों में भी पानी
औद्योगिक क्षेत्रों के अलावा शहर के प्रमुख बाजारों में भी जलभराव से बुरा हाल रहा। रोडवेज, श्यामगंज और किला जैसे इलाकों की दुकानों में पानी भर गया। बेसमेंट में बने गोदामों में भी पानी घुस गया। इससे व्यापारियों का सामान डूब गया और उन्हें भारी नुकसान हुआ।
औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं
परसाखेड़ा के उद्यमियों ने नालों की सफाई न होने को जलभराव की मुख्य वजह बताया। उन्होंने मंडल व जिला स्तर पर कई बार शिकायतें की हैं। सीबीगंज औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों को भी बारिश से आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। भोजीपुरा के उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र बसने के बाद से ही बड़े नाले की मांग की है। नाला न बनने के कारण हर बरसात में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
-
बयान
जिले में बारिश ने इस बार कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। परसाखेड़ा के कई फैक्टरियों में जलभराव हुआ है, जिससे कारोबारियों को नुकसान हुआ। - मयूर धीरवानी, पूर्व अध्यक्ष, आईआईए
फरीदपुर में हरियाली बाजार के आसपास बहुत जलभराव व कीचड़ रहा है, जिससे वहां के उद्यमियों को नुकसान होता है। हाईवे के पास वाली इकाइयों में जलभराव नहीं हुआ। - गुरप्रीत सिंह, उद्यमी
बरसात में बिजली सप्लाई न आने के कारण कारोबारियों को समस्या का सामना करना पड़ा। इस कारण इकाइयों में प्रोडक्शन प्रभावित रहा है। - राजेश गुप्ता, अध्यक्ष सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री सोसायटी
भोजीपुरा के उद्यमी 10 साल से बड़े नाले की मांग कर रहे हैं, लेकिन वहां पर आज तक नाला नहीं बन पाया है, जिससे बरसात में जलभराव होता है। - अजय शुक्ला, अध्यक्ष, भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र
जिले भर की औद्योगिक इकाइयों व शहर के प्रमुख बाजारों में मूसलाधार बारिश से जलभराव हुआ है, जिससे उद्यमियों व व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा है। - राजेंद्र गुप्ता, सदस्य, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड