सिविल लाइंस निवासी 30 वर्षीय युवक ज्यादातर वक्त सोशल मीडिया पर गुजारता था। रील्स के एक कैरेक्टर जैसा बनने के लिए दवा का सेवन शुरू किया। विपरीत असर से तबीयत बिगड़ती गई, पर दवा बंद नहीं की। परिजन ने टोकना शुरू किया तो आक्रामक होने लगा। तब उन्होंने टेली मानस पर कॉल कर सहयोग मांगा। अब युवक की काउंसलिंग हो रही है।
एक छात्रावास में रह रही 24 वर्षीय युवती को नाक का आकार सही नहीं लगता था। इसे ठीक कराने के लिए प्लास्टिक सर्जरी पर 40 हजार रुपये खर्च किए, पर खूबसूरती मनमुताबिक न मिली। सहेलियां और खराब होने की बात कहने लगी तो वह गुमसुम रहने लगी। खुद से ही चेहरा खराब करने का अपराध बोध बढ़ता गया। तब टेली मानस पर संपर्क किया। काउंसलिंग हो रही है।
रील्स देखने से दिमाग में बढ़ जाता है डोपामीन का स्तर
मनोचिकित्सक डॉ. आशीष कुमार के मुताबिक, युवाओं के बॉडी डिस्मॉर्फिया जैसे मनोरोग की चपेट में आने की बड़ी वजह सोशल प्लेटफॉर्म पर रील्स का प्रवाह है। इसे देखने से दिमाग में डोपामीन हार्मोन की सक्रियता बढ़ जाती है। इसका प्रभाव हिप्नोटिज्म की तरह होता है। धीरे-धीरे रील्स में दिख रहा व्यक्तित्व मनोभाव पर हावी हो जाता है।