बरेली। नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में गुंडागर्दी चरम पर थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को अपराधियों से मुक्त किया। कुछ गुंडे जेल गए, कुछ प्रदेश छोड़ गए। कुछ इतनी दूर चले गए जहां से उनका आना असंभव है। प्रदेश भयमुक्त हो चुका है।
रोटरी भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब व्यापारियों को जानमाल का खतरा नहीं है। व्यापार को और तरक्की कैसे मिले, इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए आठ जनवरी को कानपुर में आगाज 2022 आयोजित हो रहा है। इसमें रेहड़ी, पटरी वालों के साथ बड़े कारोबारी भी आमंत्रित हैं।
चुनावी माहौल में आए नंदी ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा। कहा, अखिलेश यादव बचकानी बातें करते हैं। जो भाषण देते हैं, वह लिखा हुआ होता है। दोनों ने ही कुछ किया नहीं, पिता की गद्दी पर बैठकर मुस्लिम समाज का वोट लेने को लालायित हैं। नंदी ने कहा कि सपा झूठ फरेब वाली, कांग्रेस वादों वाली और बसपा मायावी सरकार है। भाजपा सभी जाति-धर्म के लोगों को बिना किसी रिश्वत के नौकरी दे रही है। सपा सरकार तो यादवों से भी दस-दस लाख की रिश्वत ले गई।
इससे पहले भाजपा की जिला और महानगर कमेटी के पदाधिकारियों ने सर्कि ट हाउस में उनका स्वागत किया। इस दौरान संजीव अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, गोपेश अग्रवाल, भावेश, आशीष गुप्ता, आदेश प्रताप, प्रमेंद्र माहेश्वरी सहित तमाम नेता और व्यापारी संगठन के पदाधिकारी और कारोबारी मौजूद रहे।