रजिस्ट्री के लिए टोकन जारी करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
मेन गेट पर तैनात पुलिस फोर्स ने अनावश्यक लोगों को अंदर जाने से रोका
बरेली। रजिस्ट्री आफिस में बैनामे के लिए मंगलवार को टोकन सिस्टम लागू होने से काउंटर पर भीड़ तो नही रही मगर बाहर कातिबों के पास पक्षकारों की जमावड़ा लगा रहा। हालांकि, नई व्यवस्था में भीड़ नियंत्रित रहने से आसानी से बैनामा होने के साथ ही विभागीय स्टाफ ने भी काफी राहत महसूस की।
लॉकडाउन में रजिस्ट्री आफिस में बैनामा कराने वालों की भीड़ लगने से कोरोना का खतरा बना हुआ था। सोमवार को डीएम नितीश कुमार ने टोकन सिस्टम लागू कराने के साथ रजिस्ट्री कार्यालय के मेन गेट पर पुलिस फोर्स की तैनाती करा दी। मंगलवार से व्यवस्था लागू होने के बाद से रजिस्ट्री कार्यालय में काफी बदलाव दिखा। मेन गेट पर पुलिस कर्मी पूछताछ के बाद ही अंदर जाने की इजाजत दे दे थे। अंदर घुसते ही थर्मल स्क्रीनिंग के साथ लोगों के हाथ सैनिटाइज किए जा रहे थे। पक्षकारों से पहले ही बैनामे के सभी कागज लेने के बाद उन्हें टोकन दिए जा रहे थे। नंबर आने पर दो-दो लोगों को बैनामा की कार्रवाई के लिए भेजा गया। इस व्यवस्था से रजिस्ट्री दफ्तर के काउंटर पर भीड़ नहीं रही। इससे संक्रमण के खतरे से सहमा रहने वाला विभागीय स्टाफ काफी राहत में दिखाई दिया। हालांकि रजिस्ट्री दफ्तर के परिसर में कातिबों के तख्त पर पक्षकारों की मंगलवार को भी काफी भीड़ रही। सोशल डिस्टेसिंग न होने से यहां अभी भी खतरा बना हुआ है।
सिस्टम से चला काम तो ज्यादा हुए बैनामे
रजिस्ट्री दफ्तर में कई दिनों से भीड़ रहने पर जहां संक्रमण का खतरा था, वहीं बैनामे कराने में दिक्कत आ रही थी। जबकि मंगलवार को नई व्यवस्था लागू होने के बाद यहां सब रजिस्ट्रार फर्स्ट और सेकेंड दोनों के पास ही 132 बैनामे हुए। जबकि सोमवार को केवल 97 बैनामा ही हुए थे।
कातिब व अन्य स्टाफ को आईकार्ड देखकर ही मिली इंट्री
टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद मंगलवार को कातिबों के साथ मुंशियों के भी आईकार्ड देखकर इंट्री दी गई। बाहरी लोगों को पुलिस ने बाहर ही रोककर वापस कर दिया। दस्तावेज संघ के सचिव राजेश सक्सेना ने बताया कि व्यवस्था सुधार में सहयोग किया जा रहा है।
‘टोकन सिस्टम लागू होने से व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। इससे बैनामे भी बढ़ रहे हैं। इससे लोगों को भी राहत मिली है।’ - बृजेश कुमार, सब रजिस्ट्रार