गुरुवार को हुई बारिश से तापमान में दर्ज हुई थी तीन डिग्री तक गिरावट
बरेली। जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी होने के बाद मौसम का मिजाज भी हर दिन बदल रहा है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी बारिश के आसार थे, मगर अनुकूल माहौल न बनने की वजह से बारिश नहीं हो सकी। वहीं मौसम विभाग ने अब शनिवार को हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, गुरुवार को हुई बारिश के बाद शुक्रवार को शहर में उच्च वायुदाब क्षेत्र बन गया, जिसकी वजह से बारिश नहीं हो सकी। बताया कि देर रात ही मौसम बदलने के साथ शनिवार को फिर दिन भर हल्के घने बादल छाएंगे, जो हल्की मध्यम बारिश भी कर सकते हैं। डॉ. गुप्ता ने बताया कि अगले करीब सात दिनों तक शहर पर बादल मंडराने और बारिश के आसार दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में तापमान अधिकतम 33 से 35 डिग्री के बीच दर्ज होने की संभावना है। उनके मुताबिक गुरुवार को बादलों का जमावड़ा न होने से दिन भर चटख धूप खिली और उमस रही, जिससे लोग पसीने से तरबतर रहे। शुक्रवार को तापमान अधिकतम 35.1 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।