बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ मंगलवार को शहर में होंगे। पुलिस लाइन में प्रस्तावित कार्यक्रम में वह बरेली जोन के 5100 ग्राम प्रहरियों (चौकीदार) के समक्ष उनका मासिक मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा करेंगे। इसका लाभ प्रदेश के 70 हजार चौकीदारों को मिलेगा। इसका शासनादेश सोमवार को ही जारी कर दिया गया। शिक्षकों की जनसभा करके सीएम रुहेलखंड की धरा से विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी करेंगे।
सीएम योगी हेलिकॉप्टर से मंगलवार पूर्वाह्न 11:40 बजे बरेली पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहीं वह चौकीदारों से मुखातिब होकर मानदेय वृद्धि की घोषणा करेंगे। बरेली व मुरादाबाद रेंज के नौ जिलों के 5100 चौकीदारों को इस कार्यक्रम में बुलाया गया है। उनके आवागमन व भोजन आदि की व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी जुटे हैं। बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थलों पर जाकर जायजा लिया।
सर्किट हाउस में घंटेभर विश्राम के बाद सीएम दो बजे बरेली क्लब में आयोजित जनसभा में पहुंचेंगे। यहां वह शिक्षक एमएलसी सीट से पार्टी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे। यहां नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य धर्मपाल सिंह व श्रुति गंगवार समेत अन्य मंत्री व विधायक भी मौजूद रहेंगे। तीन बजे मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचकर हेलिकॉप्टर से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
वर्जन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के मद्देनजर सभी सुरक्षा व यातायात बंदोबस्त किए गए हैं। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। - अजय कुमार साहनी, डीआईजी