बादलों के मंडराने से सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया तापमान
बरेली। पिछले दिनों हुई रिकॉर्ड बारिश के बाद से तेज धूप और गर्मी का दंश सह रहे लोगों को शनिवार को हल्की राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने हावी हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के साथ अनुकूल माहौल बनने पर बारिश की उम्मीद जताई है। साथ ही दिन भर बादल मंडराने के भी उम्मीद है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि ताउते के असर से हुई बारिश चक्रवात के गुजरने के साथ ही थम गई। पहाड़ों की ओर से हवा चलने के साथ आ रहे बादलों का जमावड़ा भी थमा। तेज धूप के असर से नमी का स्तर कम हुआ और तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। जो फिर से लुढ़कना शुरू हुआ है। शुक्रवार को सुबह से ही घने बादल मंडराने लगे थे। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली और तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 36.5 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। नमी 51 फीसदी दर्ज की गई।