बरेली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर यू-डायस प्लस शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत स्कूलों की कैटेगरी अपडेट करने और नए यू-डायस कोड आवंटन की प्रक्रिया को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 मई निर्धारित की गई है।
विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, जो विद्यालय नए यू-डायस कोड के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें फॉर्म-ए02 में सभी जरूरी जानकारियां भरकर सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर, नाम और मुहर के साथ जमा करना होगा। स्कूल कैटेगरी अपग्रेडेशन (कक्षा अपडेट) के लिए फॉर्म-ए01 पर पूरी जानकारी के साथ उच्चीकरण से जुड़ा मान्यता आदेश संलग्न करना होगा।
जिन विद्यालयों में छात्र संख्या शून्य या बेहद कम है, अथवा जो स्कूल भौतिक रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं, उन्हें यू-डायस पोर्टल पर स्थायी रूप से बंद किया जाएगा। ऐसे स्कूलों के स्टेटस को बंद करने के लिए साक्ष्यों के साथ फॉर्म-ए01 पर आवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है।