बरेली। पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने दरभंगा-अमृतसर-दरभंगा विशेष ट्रेन को 18 से 20 फरवरी तक निरस्त किया है। इसके अलावा शहीद एक्सप्रेस 18 फरवरी को बदले हुए आएगी और जाएगी।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दरभंगा से 18 फरवरी को चलने वाली 05211 दरभंगा-अमृतसर विशेष गाड़ी निरस्त की गई है। अमृतसर से वापसी (05212) में 20 फरवरी को भी यह ट्रेन निरस्त रहेगी। इसके अलावा अमृतसर से 18 फरवरी को चलने वाली 04674 अमृतसर-जयनगर विशेष गाड़ी निर्धारित मार्ग अमृतसर- जन्डियाला- व्यास के स्थान पर बदले हुए मार्ग अमृतसर- तरनतारन- व्यास के रास्ते चलाई जाएगी। इसी रास्ते से यह ट्रेन (04673) 18 फरवरी को जयनगर से चलकर अमृतसर पहुंचेगी। ब्यूरो
24 फरवरी तक नहीं चलेगी जनता एक्सप्रेस
बरेल। लखनऊ के पास निर्माण कार्यों के चलते देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का संचालन 18 से 24 फरवरी से बंद रहेगा। इससे मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, प्रतापगढ़, वाराणसी जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। स्टेशन अधीक्षक परिचालन सीताराम शंकर ने बताया कि लखनऊ के पास रेलवे लाइनों के निर्माण कार्यों के चलते यह फैसला लिया गया है। संवाद