गुरुवार को दिनभर हुई बारिश से मौसम खुशगवार हो गया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गुरुवार को दिन भर छाए बादलों से तीन डिग्री लुढ़का अधिकतम तापमान
बरेली। मंगलवार की देर रात हुई बारिश के बाद शुरू हुआ उमस से राहत मिलने का सिलसिला गुरुवार को दिन भर जारी रहा। दिन भर बादलों के मंडराते रहने और रह-रहकर हो रही बारिश से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। मौसम विशेषज्ञों ने शुक्रवार को बादलों के मंडराने से अनुकूल माहौल बनने पर बूंदाबांदी और शनिवार को अच्छी बारिश के आसार जताए हैं।
गुरुवार की सुबह सर्द हवाओं ने लोगों को हल्की ठिठुरन का एहसास कराना शुरू कर दिया। दोपहर में भी दिन भर बादल छाए रहे और हल्की बारिश का दौर जारी रहा। दोपहर तीन बजे के बाद अचानक काले बादलों से शहर घिरा और करीब 30 मिनट तक फुहारों का दौर जारी रहा। तेज बारिश की उम्मीद पर हवाओं ने पानी फेर दिया। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात की वजह से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को हल्की बारिश का दौर रहा। लिहाजा, शुक्रवार को हल्के बादल मंडराएंगे और अनुकूल माहौल बनने पर आज और कल भी राहत मिलने के आसार हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 29.1 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फुहारें होने की वजह से बारिश ट्रेस नहीं की जा सकी। नमी का स्तर 79 से 84 फीसदी दर्ज हुआ।