तीन छात्र हुए घायल, रुहेलखंड पुलिस चौकी पर दी तहरीर
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के बाहर इंजीनियरिंग के छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इससे तीन छात्रों को चोटें भी आईं है। विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक छात्रों का एक गुट भाग निकला। जख्मी छात्रों की ओर से रुहेलखंड पुलिस चौकी पर तहरीर दी गई है।
बताते हैं कि विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग के छात्रों के दो गुटों में काफी समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसमें एक गुट के छात्र मेन हॉस्टल में ही रहते हैं। देर शाम को विश्वविद्यालय गेट के बाहर दोनों गुटों के छात्र सामने आए तो कहासुनी के बाद उनमें जमकर मारपीट हुई। इसकी जानकारी पर विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा रुहेलखंड चौकी की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन मारपीट करने वाले एक गुट के छात्र वहां से भाग निकले। इसके बाद सुधांशु शर्मा घायल छात्रों को लेकर रुहेलखंड चौकी पहुंचे। मेहंदी हसन नाम के छात्र की ओर से रुहेलखंड चौकी पर तहरीर दी गई है। अब यह मामला विश्वविद्यालय की अनुशासन समिति के सामने भेजा जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुछ छात्र मारपीट की शिकायत लेकर चौकी आए थे। इसका संज्ञान लिया गया है। जांच कराई जा रही है। - कुलदीप कुमार, रुहेलखंड चौकी इंचार्ज