बरेली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-नीट 2026) डेढ़ माह बाद रविवार को दोबारा आयोजित होगी। जिले के 24 केंद्रों पर करीब 14 हजार अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन अपराह्न दो से सवा पांच बजे तक किया जाएगा। इस बार अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त दिया गया है।
परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। एजेंसी की ओर से सभी 24 केंद्रों पर सीसी कैमरों की दो दिनों से जांच की जा रही है। एनटीए की ओर से नियमों में बदलाव भी किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक सेंट्रल सुपरिटेंडेंट और एक सेंट्रल ऑब्जर्वर की तैनाती रहेगी। इसके अलावा कक्ष निरीक्षक भी तैनात रहेंगे। दो डिस्ट्रिक्ट को-आर्डिनेटरों की भी नियुक्ति की गई है। बैंकों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने और वहां से केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी एनटीए ने अपने पास ही रखी है।
पिछली बार थे 25, इस बार 24 केंद्र, ढाई हजार अभ्यर्थी बढ़े
पिछली बार तीन मई को 25 केंद्रों पर नीट का आयोजन हुआ था। इस बार 24 केंद्र बनाए गए हैं। इस बार भी सबसे बड़ा केंद्र बरेली कॉलेज है। पिछली बार 11,532 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, इस बार करीब 14 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
- रिपोर्टिंग टाइम 11 से 1:30 बजे के बीच होगा। इसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे।
- प्रवेश पत्र की प्रिंटेड कॉपी, ओरिजिनल फोटो आईडी, दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।
- धार्मिक चिह्न पहनने वाले अभ्यर्थी समय से पहले पहुंचे,ताकि टीम अच्छी तरह से उनकी जांच कर सके।
- मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, वॉलेट, ज्वेलरी, मेटैलिक एसेसरीज, फूड पैकेट परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं लाना है।
- दिव्यांग अभ्यर्थियों को 1:05 घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
एक केंद्र पर एक ही माध्यम के अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
तीन मई को आयोजित नीट में एक केंद्र पर हिंदी, अंग्रेजी व उर्दू बोर्ड के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इससे एक केंद्र पर अभ्यर्थियों की संख्या 380 तक रही थी। इस बार एक माध्यम के अधिकतर अभ्यर्थियों को एक ही केंद्र आवंटित किया गया है। एक केंद्र पर अभ्यर्थियों की अधिकतम संख्या 480 रखी गई है।
सेंटर इंचार्ज की आईडी से होगा लॉगिन
इस बार सेंटर इंचार्ज की आईडी से लॉगिन होगा। पासवर्ड की जगह ओटीपी से लॉगिन की व्यवस्था की गई है।
312 पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 312 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। 72 उपनिरीक्षक, 144 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 96 महिला मुख्य आरक्षी/आरक्षी ड्यूटी पर रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की तलाशी और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती होगी। कोतवाली में छह, बारादरी में आठ और इज्जतनगर में तीन केंद्र बनाए गए हैं। प्रेमनगर और कैंट में दो-दो केंद्र होंगे। किला, सीबीगंज और हाफिजगंज में एक-एक परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है।