बरेली। इंडियन हैंडबॉल एसोसिएशन व जिला ओलंपिक संघ, बरेली की ओर से फ्यूचर विश्वविद्यालय में आयोजित 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें अपने-अपने मुकाबले जीतकर हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश की टीमों ने फाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में हिमाचल प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को एकतरफा मुकाबले में 32-08 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने दिल्ली को 25-24 के कड़े मुकाबले में पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में पश्चिम बंगाल और पंजाब के बीच बेहद कांटे का मैच खेला गया, जिसमें पश्चिम बंगाल ने 15-14 से जीत दर्ज की। वहीं राजस्थान ने महाराष्ट्र को 19-02 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। पांचवें स्थान के लिए हुए मुकाबले में राजस्थान ने पंजाब को 18-13 से हराया, जबकि सातवें स्थान के मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को 08-03 से मात दी। प्रतियोगिता के चौथे दिन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह व विशिष्ट अतिथि विधायक राघवेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता, डॉ. स्वतंत्र कुमार, फ्यूचर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मुकेश गुप्ता, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीपक सोनकर, डॉ. पवन सक्सेना, मनीष अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय शूटर कमल सेन, डॉ. राजेश शर्मा सहित आदि अतिथि उपस्थित रहे।