भोजीपुरा। एक महिला ने गृह कलह से तंग आकर शनिवार की दोपहर करीब एक बजे जादौपुर गांव के समीप ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।
भोजीपुरा के गांव खितौसा निवासी ललित कुमार की 22 वर्षीय पत्नी प्रियंका का शनिवार को पति से विवाद हो गया। वह डेढ़ वर्ष के बच्चे शनि को घर छोड़कर मायके जा रही थी। पति उसे बाइक पर बिठाकर गांव अभयपुर के पास नैनीताल हाईवे पर छोड़कर चला गया। इसके बाद वह किसी वाहन से बैठकर जादौपुर आई। वह ट्रेन के इंतजार में खड़ी थी। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे किच्छा से बरेली जाने वाली ट्रेन आई। तभी महिला ट्रेन के आगे कूद गई। महिला की मौत हो गई। सूचना पर भोजीपुरा पुलिस पहुंची और शिनाख्त कराने के बाद शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि पति व ससुराल वालों से महिला नाराज थी। इसलिए उसने आत्मघाती कदम उठाया। जांच की जा रही है। संवाद