काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल विशेष गाड़ी के फेरों में विस्तार
बरेली-मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली विशेष साप्ताहिक गाड़ी 09075-76 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल को नियमित का दर्जा देने के बाद एक बार फिर से इस गाड़ी के फेरों को 30 अप्रैल तक विस्तार दे दिया गया है। फिलहाल 30 अप्रैल तक यह गाड़ी विशेष के रूप में ही संचालित की जाएगी। रेलवे ने पिछले सप्ताह इस गाड़ी को नियमित का दर्जा देते हुए नया नंबर 21907-08 जारी किया था।
बरेली से मुंबई के लिए अप-डाउन दो 14314-13 बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, 22976-75 रामनगर-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस दो जोड़ी साप्ताहिक ट्रेन ही हैं। आसपास के किसी अन्य जिले से भी मुंबई के लिए कोई गाड़ी नहीं है। इन गाड़ियों पर उत्तराखंड के अलावा मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं आदि जिलों के यात्रियों का भी दबाव रहता है।
ऐसे में इन गाड़ियों में कन्फर्म टिकट मुश्किल होता है। रेलवे ने नियमित गाड़ियों पर दबाव के बीच विशेष साप्ताहिक गाड़ी 09075-76 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल का संचालन शुरू किया था। यह गाड़ी भी फुल होकर चल रही है। पिछले सप्ताह इसे भी नियमित का दर्जा दे दिया गया, लेकिन रविवार को एक बार फिर से 30 अप्रैल तक इस गाड़ी के फेरों को विशेष ट्रेन के तौर पर ही विस्तार दे दिया गया है।